कोहली ने तोड़ा मंसूर अली खान पटौदी का 51 साल पुराना रेकॉर्ड, धोनी भी छूटे पीछे
ऐडिलेड भारतीय कप्तान विराट कोहली गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐडिलेड टेस्ट की पहली पारी में शतक से चूक गए लेकिन इस दौरान उन्होंने मंसूर अली खान की कप्तानी का 51 साल पुराना रेकॉर्ड तोड़ दिया। कोहली गुरुवार को 74 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कप्तान के रूप में टेस्ट मैचों में 851 रन बना लिए हैं। यह किसी भी भारतीय कप्तान की ओर से बनाए गए सर्वाधिक रन हैं। इससे पहले यह रेकॉर्ड मंसूर अली खान पटौदी के नाम था। पटौदी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 829 रन बनाए थे। पटौदी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 11 टेस्ट मैचों में 43.63 के औसत से 829 रन बनाए। इसमें एक सेंचुरी शामिल थी। उन्होंने ये 11 टेस्ट मैच 1964 से 1969 के बीच खेले। इसके साथ ही कोहली बॉर्डर-गावसकर ट्रोफी में सबसे ज्यादा रन बनाने के भारतीय कप्तान भी बन गए। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा जिनके नाम 813 रन थे। भारतीय कप्तान ने ऐडिलेड पर अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान एक और उपलब्धि हासिल कर ली। कोहली ने इस मैदान पर 500 टेस्ट रन पूरे कर लिए। यह पहला मौका है जब कोहली ने किसी मैदान पर 500 से ज्यादा रन बनाए हों। उनके नाम इस मैदान पर अब 505 रन हैं। कोहली सचिन तेंडुलकर और वीवीएस लक्ष्मण के बाद तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के किसी मैदान पर 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। सचिन ने सिडनी में 785 और लक्ष्मण ने सिडनी पर ही 589 रन बनाए हैं।
from Cricket News in Hindi: Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/3nu3DOc
No comments