पाक से भारत को मिले 'जख्म' को ICC ने दिलाया याद
नई दिल्लीकोई भी खेल हो, हर खिलाड़ी अपने देश के लिए कुछ यादगार करना चाहता है। फिर अगर क्रिकेट का मैदान हो और भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला तो हर खिलाड़ी अपने नाम कोई रेकॉर्ड बनाना चाहता है। दोनों प्रतिद्वंद्वियों के बीच ऐसा ही एक यादगार मुकाबला आज ही के दिन यानी 18 अप्रैल 1986 को खेला गया था। तब जावेद मियांदाद ने भारत को हार को वो 'जख्म' दे दिया जो आज तक भी नहीं भर सका। शारजाह में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने भारत को अंतिम गेंद पर मात दी थी। पाकिस्तान केवल 1 विकेट से जीता था और हीरो बने थे जावेद मियांदाद। मुकाबले में 116 रन की नाबाद पारी खेलने वाले मियांदाद को मैन ऑफ द मैच चुना गया था। पढ़ें, यह ऑस्ट्रल-एशिया कप का फाइनल मुकाबला था। भारत की कप्तानी कपिल देव के कंधों पर थी और पाकिस्तान की कमान मौजूदा प्रधानमंत्री इमरान खान संभाल रहे थे। भारत ने ओपनर के. श्रीकांत (75), दिग्गज सुनील गावसकर (92) और दिलीप वेंगसरकर (50) की मदद से 50 ओवर में 7 विकेट पर 245 रन बनाए। पाकिस्तान को जीत के लिए 246 रन का टारगेट मिला और उसने 49.5 ओवर में 242 रन बनाए। अंतिम बॉल पर जीत के लिए चाहिए थे केवल 4 रन और गेंद चेतन शर्मा के हाथों में थी। चेतन ने मैच में सर्वाधिक 3 विकेट लिए थे लेकिन अंतिम गेंद ने उन्हें 'विलेन' बना दिया। मियांदाद ने चेतन की गेंद पर छक्का जड़ दिया और पाकिस्तान को अंतिम बॉल पर 1 विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी। आईसीसी ने उस मैच का फोटो ट्वीट किया तो लोगों ने रिप्लाई में फिर उस सिक्स की याद दिला दी। जब कभी भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मैचों का जिक्र होता है तो इस मुकाबले के बिना वह अधूरा सा लगता है। लुधियाना में जन्मे चेतन ने करियर में 23 टेस्ट और 65 वनडे इंटरनैशनल मैच खेले लेकिन लोगों ने उनका नाम इस सिक्स से ऐसा जोड़ा कि वह आज भी भुलाया नहीं जा सका।
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2ymKwB2
No comments