Recent Posts

जहीर खान को बर्थडे विश कर हार्दिक पंड्या ट्रोल

नई दिल्ली सोमवार को टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज ने अपना 41वां बर्थडे सेलिब्रेट किया। इस दौरान जहीर खान के चाहने वालों ने उन्हें सोशल मीडिया पर खूब बधाइयां दीं। 2011 वर्ल्ड कप विनिंग टीम का हिस्सा रहे जहीर खान को टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने भी बर्थडे विश किया। लेकिन हार्दिक के विश करने का अंदाज जहीर खान के फैन्स को पसंद नहीं आया। हार्दिक के बर्थडे विश करने के इस अंदाज पर फैन्स अभी भी नाराज हैं और उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। पंड्या इन दिनों लंदन में हैं और उन्होंने यहां अपनी पीठ के निचले हिस्से में आई चोट से उबरने के लिए अपनी सर्जरी कराई है। पंड्या अभी लंदन के ही एक हॉस्पिटल में आराम कर रहे हैं। इस दौरान जहीर खान को उन्होंने एक विडियो पोस्ट कर जन्मदिन की बधाई दी। अब बधाई के इस अंदाज पर उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। इस विडियो में जहीर खान हार्दिक पंड्या को बोलिंग कर रहे हैं और पंड्या उनकी इस गेंद सीमारेखा के बाहर 6 रन के लिए भेजते नजर आ रहे हैं। इस 10 सेकंड के विडियो के साथ पंड्या ने जहीर को हैपी बर्थडे विश किया और उनसे चुटकी भी ली। पंड्या ने विडियो पोस्ट करते हुए इसके कैप्शन में लिखा, 'हैपी बर्थडे जैक... उम्मीद करता हूं आपने भी इसे पार्क से बाहर भेज दिया (भूल चुके होगे) होगा जैसे मैंने भेजा था।' इसके साथ उन्होंने दो दिल वाले इमोजी और एक जोर-जोर से हंसने वाले इमोजी के साथ एक मजाकिया इमोजी भी पोस्ट किया। 14 साल टीम इंडिया के लिए क्रिकेट खेलने वाले जहीर खान ने अपने इंटरनैशनल करियर में कई उपलब्धियां दर्ज कीं। अपने इंटरनैशनल करियर में जहीर खान ने कुल 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 मैच खेले। टेस्ट मैच में उनके नाम 311, वनडे में 282 और टी20 इंटरनैशनल में 17 विकेट हैं। ऐसे में फैन्स को पंड्या द्वारा इस दिग्गज खिलाड़ी को विश करने का यह अंदाज कतई रास नहीं आया और उन्होंने इस विडियो पर कॉमेंट कर पंड्या को खरी-खरी सुनाने में देर नहीं लगाई। एक फैन ने उन्हें (पंड्या को) टिकटॉकिए बोलते हुए लिखा, 'जब जैक भाई अपने प्राइम पर थे, तब तुम्हारे जैसे बॉल आने से पहले स्टंप्स पर बैट मार लेते थे।' एक और फैन ने लिखा, 'वह एक बोलर रहते हुए भी उनके नाम 53 शानदार इंटरनैशनल सिक्स हैं। उन्होंने आउट ऑफ द पार्क वाले ये सिक्स ब्रेट ली, शोएब अख्तर जैसे बोलरों को जड़े हैं। अगर तुम उनके सामने तब होते जब वे अपने प्राइम पर थे तो तुम्हारे पैर के पंजे भी घायल हो जाते।' एक और फैन ने लिखा, 'जब आप मेरी गली में जैसे म्यूजिक विडियो में नाच रहे थे, तब जहीर खान भारत के लिए वर्ल्ड कप जीत रहे थे।'


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2ItSbQ3

No comments